बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील अंतर्गत गोपालगंज बाजार के टहर किशुनदेवपुर ग्राम सभा में स्व. रामविलास मौर्य की पुण्यतिथि पर डॉ.उमाशंकर सिंह पूर्व कला संकाय प्रमुख पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की अध्यक्षता तथा साहित्यकार लालबहादुर चौरसिया लाल के संचालन में एक भव्य समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें डॉ.श्यामवृक्ष मौर्य द्वारा सृजित ग्रंथ ‘रामचरित मानस मंथन के वैचारिक रत्न’ का लोकार्पण किया गया।
सम्मान समारोह के अंतर्गत प्रो.उपेंद्रनाथ त्रिपाठी को गोस्वामी तुलसीदास अलंकरण सम्मान 2025, राम कुमार यादव पूर्व प्रधानाचार्य शाहपुर इंटर कॉलेज को संत पलटू दास साहब अलंकरण सम्मान 2025, डॉ.अर्चना सिंह को योगेश्वर कृष्ण कर्मयोगी सम्मान 2025, अशोक चौबे को योगेश्वर कृष्ण पितृ भक्ति सम्मान 2025, विनोद मौर्य को योगेश्वर कृष्ण मातृ भक्ति सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। साथ में वरिष्ठ नागरिक राम विनय यादव को अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया।
लोक गायक वीरेंद्र भारती ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। डॉ.श्यामवृक्ष मौर्य ने अपने पूज्य काका व माता जी को नमन करते हुए सबका सम्मान किया और काका स्व.रामविलास मौर्य के प्रति रचित कविता का पाठ किया। डॉ.जयराम यादव ने पुस्तक की भूरि भूरि सराहना की। युवा कवि महेंद्र मौर्य ने अपनी कविता प्रस्तुत की।
इस अवसर पर परमहंस सिंह, विजय बहादुर चौबे, डॉ.दुष्यंत कुमार त्रिपाठी, हनुमान सिंह, शत्रुघ्न दास, मनीष यादव, रामानंद यादव, फौजदार सिंह, शिवपाल मौर्य, रणविजय मिश्र, आशुतोष सिंह आदि उपस्थित रहे। डॉ.श्यामवृक्ष मौर्य ने सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया।
रिपोर्ट-अरविन्द सिंह