अपहृता को लेकर भागने की फिराक में था आरोपी, अरेस्ट

शेयर करे

किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया जिला मुख्यालय

बलिया (सृष्टि मीडिया)। जिले की बैरिया पुलिस ने अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए अपहृता किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से मंगलवार को अपहरणकर्ता युवक व अपहृत किशोरी को बरामद किया है। बीते सितंबर माह में नाबालिग के पिता की तहरीर पर उक्त युवक पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुखबिर से मिली सूचना

जानकारी के अनुसार, पुलिस अपहरणकर्ता की काफी दिनों से तलाश कर रही थी। एसचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि बैरिया निवासी किशोरी के सम्बंध में उसके पिता की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही थी। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त युवती को लेकर वह युवक कहीं भागने के फिराक में है। मुखबिर की सूचना का संज्ञान लेते हुए तत्काल चौकी इंचार्ज बैरिया अतुल कुमार मिश्रा को भेजा गया। अपहरण के आरोपी युवक को गिरफ्तार करते हुए किशोरी को बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा जहां किशोरी को मेडिकल मुआयना के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। वहीं अपहरण के आरोपी अभियुक्त को सुसंगत धाराओं के तहत चालान कोर्ट द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *