तत्काल फाइनल किया जाय टेंडर प्रक्रिया: डीएम

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा से संबंधित समस्त कार्यक्रमों, योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि शिशु डेस्क, दिव्यांग बच्चों के लर्निंग मैटेरियल किट, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में कम्प्यूटर खरीद एवं ब्लाक क्वालिटी कोआर्डिनेटर चयन आदि से संबंधित टेण्डर प्रक्रिया को तत्काल फाइनल कर लिया जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तक एवं स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत कराये गये कार्यक्रमों का भुगतान तत्काल कर दिया जाय। अभियान चलाकर विद्यालयों की रंगाई, पुताई एवं लाइब्रेरी मेन्टेनेंस के कार्याें को कराना सुनिश्चित करें। आपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत निर्धारित 19 पैरामीटर के अनुसार कराये गये कार्याें का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि सभी स्कूलों में ब्लैक बोर्ड एवं रैम्प आदि के निर्माण को शत प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग से सम्पर्क कर छूटे हुए विद्यालयों का विद्युतीकरण कराना सुनिश्चित किया जाय। उन्होने जर्जर विद्यालयों की निलामी एवं ध्वस्तीकरण की कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करें। आरटी’ई विद्यालयों की मैपिंग एवं पंजीकरण तत्काल सुनिश्चित किया जाय। डीबीटी में शत प्रतिशत आधार वैरीफिकेशन सुनिश्चित किया जाय। स्कूलों में शिक्षक बोर्ड लगाने की कार्यवाही तत्काल करायी जाय। उन्होने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की प्रत्येक सप्ताह निरीक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाय। उन्होने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तायुक्त एवं निर्धारित समय में किया जाय। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह, एडीआईओएस, जिला प्रोबेशन अधिकारी बीएल यादव एवं समस्त खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *