अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया) स्थानीय नगर पंचायत में स्थित कन्या कंपोजिट विद्यालय में शिकायत मिलने पर बुढ़नपुर तहसीलदार जांच करने गये। जांच के दौरान तहसीलदार ने विद्यालय में कई अनियमितता पायी। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी ने क्लीनचिट दे दिया।
अतरौलिया नगर पंचायत में स्थित कन्या कंपोजिट विद्यालय की लगातार मिल रही शिकायत के बाद सोमवार को तहसीलदार बुढ़नपुर रामानुज शुक्ला तथा खंड शिक्षा अधिकारी रवि शंकर यादव जांच में पहुंचे। विद्यालय में जांच के दौरान उपस्थित बच्चों से मिड डे मील के बारे में पूछा गया तो कुछ बच्चों द्वारा बताया गया कि उन्हें भरपेट खाना नहीं मिलता, दोबारा मांगने पर उन्हें नहीं दिया जाता तथा फल का वितरण कई हफ्तों से हुवा ही नहीं और विद्यालय में मेनू के अनुसार खाना नहीं दिया जाता। कुछ बच्चियों ने बैठने के लिए चटाई न मिलने की शिकायत की, एक बच्चा तो यहां तक कह दिया कि हमको पेट भर खाना नहीं मिलता इसलिए मैं विद्यालय का खाना खाता ही नहीं हूं और अपने घर से खाना लेकर आता हूं। तहसीलदार द्वारा विद्यालय के ड्यूटी रजिस्टर की जांच की गई, रसोईघर आदि की भी जांच की गई। जांच के दौरान बच्चों ने दोनों अधिकारियों को जाते समय घेर लिया और अपनी अपनी समस्या बताई।
तहसीलदार बूढ़नपुर ने बताया कि विद्यालय में काफी अनियमितता पाई गई है, विद्यालय में साफ-सफाई का अभाव है, फल का वितरण नहीं किया गया था जिसके लिए तत्काल फल का वितरण कराने का आदेश दिया गया है, भोजन कम मिलने की शिकायत मिली है, इसके लिए संबंधित को चेतावनी दी गई है दोबारा फिर मैं जांच करने आऊंगा। खंड शिक्षा अधिकारी रवि शंकर यादव ने बताया कि विद्यालय में दो शिक्षकों की राजनीति के कारण इस तरह की शिकायतें आ रही है। मेरे द्वारा बच्चों से कमरे में जाकर पूछा गया भोजन की कोई कमी नहीं मिली, मुझसे किसी बच्चे ने कोई शिकायत नही किया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी को सूचित कर दिया गया है, जांच के बाद उचित कार्यवाही होगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद