आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बारिश का मौसम आते ही लोगों को गर्मी से तो राहत मिल जाती है, लेकिन इस मौसम में त्वचा संबंधी कई बीमारियां दस्तक देती हैं। आजकल मौसम कभी बरसात तो कभी तेज धूप होने के कारण लोगों को अधिक फंगल संक्रमण की परेशानी होती है। बारिश के मौसम में त्वचा संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सतर्क रहें और इस मौसम में त्वचा का विशेष ख्याल रखें। उक्त बातें मंडलीय जिला चिकित्सालय की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ.पूनम कुमारी ने प्रेस को जारी एक बयान में कही।
डॉ.पूनम ने बताया कि इसमें त्वचा में खुजली होना, तैलीय त्वचा होना, फंगल इंफेक्शन, पैर की उंगलियों में इंफेक्शन, मुंहासे और एक्जिमा बरसात में त्वचा संबंधी प्रमुख बीमारियां होती हैं। उन्होंने बताया कि नमी और उमस भरे मौसम में रोम छिद्र बंद हो जाते हैं। जो त्वचा संबंधी कई बीमारियों को जन्म देते हैं। शरीर पर लाल रंग के गोलाकार चकते हैं, और इन जगहों पर खाज हो रही है यह फंगल संक्रमण है। यह संक्रमण तेजी से शरीर पर फैलता है और यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को हो जाता है। इसलिए इसका पूरा इलाज कराना आवश्यक है।
इनसेट–
ऐसे करें बचाव
आजमगढ़। मंडलीय चिकित्सालय में तैनात डा.पूनम ने बताया कि बरसात के मौसम में दिन में दो बार स्नान करें। एक-दूसरे के कपड़े, तौलिया या साबुन इस्तेमाल न करें। तंग और भीगे हुए कपड़े न पहनें। एक दूसरे की चप्पल न पहनें। नमी वाले स्थानों में नंगे पांव न जाएं। विशेषज्ञ की सलाह के बिना कोई भी दवा न लगाएं।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव