सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला का किया औचक निरीक्षण

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला का डिप्टी सीएमओ डा. आलेंद्र कुमार एवं खंड विकास अधिकारी विनीत कुमार ने एसडीएम बूढ़नपुर के निर्देश पर औचक निरीक्षण किया। जिसमें स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं, संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान एपीओ राहुल सिंह एवं एडीओ कोऑपरेटिव वीर बहादुर सिंह यादव भी मौजूद रहे। बीडीओ विनीत कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी टूटी हुई पाई गई, परिसर के आसपास गंदगी व्याप्त है तथा मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके साथ ही दवा स्टॉक, साफ-सफाई एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जांच की गई। बीडीओ ने बताया कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए एक विस्तृत आख्या तैयार कर एसडीएम बूढ़नपुर एवं स्वास्थ्य विभाग को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।
डिप्टी सीएमओ डा. आलेंद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र को लेकर कुछ शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनके सत्यापन हेतु निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्र से बाहरी दवाएं बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिसकी भी जांच की गई। हालांकि मौके पर कोई बाहरी दवा नहीं पाई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों एवं पैथोलॉजी केंद्रों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। उसी क्रम में अहरौला क्षेत्र में भी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *