पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में पेराई सत्र 2025-26 के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। राज्य सरकार द्वारा घोषित फैसले के अनुसार गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। नई दरें लागू होने के बाद अब अगेती गन्ना प्रजाति का मूल्य 400 प्रति क्विंटल और साधारण (सामान्य) गन्ना प्रजाति का मूल्य 390 प्रति क्विंटल हो गया है। सरकार का दावा है कि इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना किसानों को लगभग 3,000 करोड़ का अतिरिक्त लाभ प्राप्त होगा। इस फैसले के बाद भाजपा किसान मोर्चा के नेताओं ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है।
भाजपा किसान मोर्चा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री नवीन कुमार राय, जिला मंत्री शशिकांत राय (आज़मगढ़) तथा बिलरियागंज मंडल अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राय तथा मंडल उपाध्यक्ष सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि यह फैसला किसानों की आय और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।
नेताओं ने कहा कि सरकार लगातार किसान हितैषी नीतियां लागू कर रही है और गन्ना मूल्य बढ़ोतरी से किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है ‘खुशहाल किसान, समृद्ध उत्तर प्रदेश’। स्थानीय किसान संगठनों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गन्ना उत्पादकों को राहत मिलेगी और खेती-किसानी को सहारा मिलेगा। हालांकि कुछ किसान यह भी उम्मीद जता रहे हैं कि चीनी मिलों में समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी सरकार को सख्ती बढ़ानी चाहिए।
रिपोर्ट-बबलू राय