आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कोटिला चेकपोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के छात्र जहां पहले से ही डॉक्टर और इंजीनियर बनकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं, वहीं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थी भी पेशेवर पाठ्यक्रमों में निरंतर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
हाल ही में आईसीएआई द्वारा घोषित सीए फाउंडेशन एवं सीए इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के पाँच विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के मैनेजर सी.ए. मोहम्मद नोमान ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि “हमारे लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी न केवल बोर्ड परीक्षाओं में बल्कि पेशेवर पाठ्यक्रमों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।” विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपल पंड्या ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। हमें विश्वास है कि हमारे छात्र भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे।” विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की है कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नई उपलब्धियाँ हासिल कर विद्यालय, जनपद तथा देश का नाम रोशन करेंगे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार