लालगंज, आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर, कोटा खुर्द का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही बच्चों के चेहरे खिल उठे। विद्यालय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधान रामचंद्र राम, विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह तथा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमनाथ सिंह ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा संसार की सबसे अमूल्य और ताकतवर निधि है, जिसके बल पर सब कुछ हासिल किया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास पर बल दिया। पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि कलम तलवार से अधिक शक्तिशाली होती है। शिक्षक और शिक्षार्थी समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने प्राचीन गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा में कभी भेदभाव नहीं रहा और यह समाज को संस्कारित करने का कार्य करती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजभूषण शुक्ल ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छात्र- छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सेवक राम, अर्चना सिंह, धर्मराज चौहान, रीता यादव, मन्ता प्रसाद, खुशबू यादव, निधि सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद