आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार को जनपद के तीन मूल्यांकन केन्द्रो शिबली नेशनल इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज एवं राजकीय इंटर कालेज जमुड़ी में हाई स्कूल एवं इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों से संपर्क कर संगठन की अर्जित उपलब्धियों को बताते हुए लंबित मांगों के निस्तारण होने तक संघर्ष करने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने धारा 12, 18 एवं धारा 21 को समाप्त करके शिक्षकों का शोषण करने का जो कुचक्र रचा है उसे संघर्षों के बल पर वापस कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सुरक्षा व्यवस्था की कवच धारा 21 को निष्क्रिय करने के कारण आज प्रबंधतंत्र मनमाने तरीके से शिक्षकों का शोषण कर रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज शिक्षकों को कैशलेश चिकित्सा की सुविधा और विषय विशेषज्ञों की पुरानी पेंशन बहाली का शासनादेश संगठन के संघर्ष के बल पर जारी हुआ है। इसी तरह बाकी शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली के लिए आर-पार की लड़ाई करने के लिए तैयार हैं। श्री त्रिपाठी ने कहा कि वित्त विहीन विद्यालयों में कार्य कर रहे शिक्षकों को भी समान कार्य का समान वेतन दिलाना हमारी प्राथमिकता में है।
जिलाध्यक्ष बृजेश राय एवं जिला मंत्री विजय कुमार सिंह ने कहा कि हमारा संगठन शिक्षकों की पदोन्नति, पुरानी पेंशन एवं वित्तविहीन शिक्षकों के समान कार्य के लिए समान वेतन के साथ अन्य प्रमुख मांगों के लिए संघर्ष को तैयार है। इसके लिए सभी शिक्षक एकजुट होकर संगठन की ताकत बनंे जिससे हमारा मार्ग प्रशस्त हो सके।
इस अवसर पर पूर्व महामंत्री इंद्रासन सिंह, मुन्नू यादव, ध्रुवमित्र शास्त्री, प्रभाकर राय, हृषिकेश मिश्र, अवधेश त्रिपाठी कमलेश राय, परशुराम यादव, सर्वेश्वर पांडेय, संतोष कुमार, अमित कुमार, अमरनाथ, राजेश भारती, अनिल यादव, दीपक यादव, गिजिजेश राय, आलोक सिंह, संजय सिंह आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार