पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को किया गिरफ्तार
लखनऊ (सृष्टि मीडिया)। यूपी के मथुरा के कोसी कलां थाना क्षेत्र की कोटवन चौकी के अंतर्गत आने वाले गांव उमराला में दो पक्षों में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। उपद्रवियों ने पथराव कर पुलिस की जीप का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद पहुंचे पुलिस बल ने एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि 12 घंटे में कोसी थाना क्षेत्र में पुलिस पर यह दूसरा हमला है।
एक युवक की हालत गम्भीर
बतादें, बुधवार की देर रात चौकी कोटवन अंतर्गत गांव उमराला निवासी वेदप्रकाश अपने भाई नेपाल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के विजन व अन्य नामजदों ने ट्रैक्टर लगा उनकी बाइक रोक ली और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर नामजदों ने उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसकी सूचना मिलने पर कोटवन चौकी प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद हमलावरों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। पुलिस की जीप पर पथराव कर दिया, इससे जीप के शीशे टूट गये। नामजदों ने पुलिस कर्मियों से अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। अतिरिक्त पुलिस बल को देख आरोपी भाग गये। पुलिस ने घायल वेदप्रकाश और नेपाल को उपचार को भिजवाया। वेदप्रकाश का हालत गंभीर बनी हुई है।
अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश जारी
पुलिस ने विजन, योगेंद्र और एक महिला को गिरफ्तार किया है। सभी का चालान किया है। अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है। दोनों मामलों में कुछ लोग गिरफ्तार कर लिये गये हैं और अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ नियमानुसार गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। दोषियों पर कार्रवाई होगी।