आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। झंडा दिवस के मौके पर पुलिस लाइन के क्वार्टर गार्द में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अरूण कुमार दीक्षित द्वारा झंडारोहण कर, अपनी वर्दी पर झंडे का स्टीकर लगाया गया। वहीं पुलिस कर्मियों को झंडा दिवस के महत्व तथा पुलिस मुख्यालय के संदेश को अवगत कराते हुए शुभकामनाएं दी।
पुलिस लाइन में झंडारोहण के दौरान एसपी ग्रामीण ने कहा कि झंडे का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दिन का विशेष महत्व है। यूपी पुलिस के इतिहास में 23 नवम्बर का दिन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने पुलिस मुख्यालय उत्तर प्रदेश के संदेश को पुलिस कर्मियों को अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश भर में आपरेशन कन्विक्शन के तहत जघन्य अपराधों में लिप्त अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध वैज्ञानिक विधि से साक्ष्य संकलन एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचनात्मक कार्यवाही करते हुए पुलिस एवं अभियोजन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराकर न्यूनतम समय में कठोर सजा दिलायी जा रही है। सेफ सिटी परियोजना को मूर्तरूप देने के लिए प्रदेश भर में ऑपरेशन त्रिनेत्र प्रारम्भ किया गया है। सभी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे अधिष्ठापन की कार्यवाही की जा रही है। जिससे सार्थक परिणाम प्राप्त हो रहें है। मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत एण्टी रोमियो स्क्वॉड को और सक्रिय करते हुए प्रत्येक थाने पर महिला बीट अधिकारी व परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थानों पर महिला साइबर क्राइम हेल्पडेस्क स्थापित किये गये हैं। प्रत्येक जनपद में महिला थाना के अतिरिक्त एक अन्य थाने पर महिला थाना प्रभारी की नियुक्ति की गयी है। भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रदेश में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की शाखायें क्रियाशील हैं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र लाल, सीओ सिटी गौरव शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक व अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार