खेल से बच्चों में टीम भावना और आत्मविश्वास का होता है विकास

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन गुरुवार को विद्यांतर इंटर कॉलेज पटवध के प्रांगण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिलरियागंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमेश चन्द्र यादव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक तथा कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव की रही।
मुख्य अतिथि व खंड शिक्षा अधिकारी को अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों के उत्साह की सराहना की और कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह बच्चों में टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास करता है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय मल्लूपुर के बच्चों द्वारा आकर्षक योगासन प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। उच्च प्राथमिक विद्यालय श्रीनगर (सियरहां) के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, दौड़, कबड्डी सहित कई खेलों का आयोजन हुआ, जिनमें बच्चों ने उमंग और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विजयी प्रतिभागियों को अंत में प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *