स्मार्ट मीटर को लेकर विशेष जागरूकता अभियान शुरू

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत विभाग द्वारा 2 फरवरी से स्मार्ट मीटर के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विद्युत उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट मीटर एप डाउनलोड कर स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी जानकारियां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
विद्युत उपकेंद्र सुदनीपुर के अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने लाइनमैन एवं एसएसओ के साथ नगर पंचायत के मुंशी दौलत लाल वार्ड, चंद्रशेखर आज़ाद नगर वार्ड सहित विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट एप डाउनलोड करने की जानकारी दी। वहीं एसएसओ सुदनीपुर पंकज कुमार ने लाइनमैनों के साथ उदपुर, माहुल मोड़ सहित अन्य क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर एप के लाभ बताए।
इस संबंध में अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यूपीपीसीएल स्मार्ट मीटर एप के माध्यम से उपभोक्ता अपने बिजली बिल, मीटर रीडिंग, खपत एवं लोड की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही लोड घटाने-बढ़ाने, अन्य विद्युत सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन, प्रीपेड रिचार्ज तथा दैनिक रीडिंग की निगरानी भी की जा सकती है। यदि किसी उपभोक्ता के बिल में माइनस राशि दिखाई दे रही है तो वह एप के माध्यम से अपनी समस्या का समाधान कर सकता है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर में जाकर यूपीपीसीएल स्मार्ट मीटर एप इंस्टॉल करें, साइन-अप करें। कनेक्शन से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आने के बाद एप सक्रिय हो जाएगा और उपभोक्ता विद्युत से संबंधित सभी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
जागरूकता अभियान में राजकुमार, सिकंदर, इंद्रेश, आशीष पाल, रमोध, पंकज, आबिद आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *