पहली बार दोनों सीटें जीतकर सपा ने बनाया रिकार्ड

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजनीति में उतार-चढ़ाव कोई नई बात नहीं है, लेकिन जब कोई रिकार्ड बनता है तो उसकी चर्चा स्वाभाविक हो जाती है। लोकसभा चुनाव 2024 का परिणाम कुछ ऐसा ही रहा। विधानसभा 2022 के चुनाव में पहली बार सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज कर सपा ने 9 सीटों के अपने ही 2012 के रिकार्ड को तोड़ दिया था।
बीच में विधानपरिषद और उसके बाद हुए लोकसभा उपचुनाव में झटका लगा, तो संगठन ने नए सिरे से रणनीति बनानी शुरू कर दी। शायद मजबूत रणनीति का ही परिणाम रहा कि पहली बार सपा को आजमगढ़ के साथ लालगंज सुरक्षित सीट पर भी कामयाबी हासिल हो सकी।
उपचुनाव में भाजपा के सामने हारने वाले धर्मेंद्र यादव ने निरहुआ से हिसाब चुकता करने के साथ यहां से पहली बार सांसद बनने का गौरव हासिल किया, जबकि लालगंज सुरक्षित सीट से वर्ष 1998 और 2004 में सपा के सांसद रहे दरोगा सरोज अबकी तीसरी बार संसद पहुंचने का रास्ता बना लिया।
इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में साइकिल पूरी रफ्तार से दौड़ी थी। सपा के बेचई सरोज ने 83087 मत पाकर भाजपा की नीलम सोनकर 68720 को 14367 वोटों से, मेंहनगर सुरक्षित सीट से सपा की पूजा सरोज 85582 ने भाजपा की मंजू सरोज 71609 को 13973 वोटों से, दीदारगंज सीट से सपा के कमलाकांत राजभर 72877 ने भाजपा के डा. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा 59911 को 12966 वोटों से, फूलपुर-पवई विधानसभा सीट से सपा के रमाकांत यादव 81164 ने भाजपा के रामसूरत राजभर 55558 को 25606 वोटों से और निजामाबाद से सपा के आलमबदी 79022 ने भाजपा के मनोज यादव 45444 को 26578 वोटों से, गोपालपुर विधानसभा से सपा प्रत्याशी नफीस अहमद ने 84401 वोट पाकर भाजपा के सत्येंद्र राय 60094 को 24392 वोटों से, सगड़ी विधानसभा में सपा उम्मीदवार डा. एचएन पटेल ने 83093 वोट पाकर भाजपा की बंदना सिंह 60578 को 22515 वोटों से, आजमगढ़ सदर में सपा उम्मीदवार दुर्गा प्रसाद यादव 100813 ने भाजपा के अखिलेश मिश्रा 84777 को 16036 वोटो से, मुबारकपुर विधानसभा के सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव 80726 ने भाजपा के अरविंद जायसवाल 51623 को 29103 वोटों से, अतरौलिया विधानसभा के सपा उम्मीदवार डा. संग्राम यादव 91502 ने निषाद पार्टी के प्रशांत कुमार सिंह 74255 को 17247 वोटों से हरा दिया था।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *