आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण व सलामी के बाद कर्मचारियों की कार्यकुशलता और दक्षता परखी तो वहीं विभिन्न विभागों का निरीक्षण करने के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड में भाग ले रहें डाग स्क्वाड व ड्रोन कैमरा दल का भी निरीक्षण किया गया। इसके बाद आरक्षियों का मेस, बैरक, आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार, गैस एजेंसी आदि का निरीक्षण करते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यूपी 112 के दो पहिया तथा चार पहिया वाहनों का निरीक्षण करने के साथ प्रभारी को वाहनों की कमियां दूर करने का निर्देश दिया। तैनात कर्मियों की कार्य कुशलता व दक्षता की भी जांच की गई।
एसपी ने निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान बावर्दी दुरुस्त रहकर अपनी ड्यूटी कर्तव्य निष्ठा से करने के साथ जनता से मधुर व्यवहार स्थापित करें। वाहन में सदैव दंगा नियंत्रण उपकरण रखने, यूपी 112 की गाड़ियों/टैबलेट व अन्य उपकरणों की साफ-सफाई व रख-रखाव के लिए भी निर्देशित किया गया। इस दौरान एएसपी नगर शैलेंद्र लाल, सहायक पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर, क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा व प्रतिसार निरीक्षक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल