पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पाती गांव निवासी मुरलीधर यादव 26 वर्ष पुत्र श्रवण यादव बृहस्पतिवार की रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। मुरलीधर यादव किसी कार्य से अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से आजमगढ़ शहर आए थे। देर रात घर लौटते समय हाफिजपुर स्थित दानिश हॉस्पिटल से करीब 100 मीटर की दूरी पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मुरलीधर यादव सड़क पर गंभीर हालत में पड़े मिले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। साथ ही परिजनों को भी सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों द्वारा घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया कि मुरलीधर यादव भारतीय सेना में सिपाही के पद पर तैनात हैं और छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय