एसआईआर मतदाताओं के अधिकारों को कर रही प्रभावित

शेयर करे

संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर ज़िला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया जिसमे एसआइआर को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त की गईं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय‘ ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान स्वरूप में यह प्रक्रिया न केवल आम मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित कर रही है, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर भी असामान्य दबाव उत्पन्न कर रही है। सत्यापन प्रक्रिया में वास्तविक एवं पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। मतदाताओं से वर्ष 2003 या उससे पहले की मतदाता सूची के आधार पर सत्यापन मांगा जा रहा है, जिसे प्राप्त करना अधिकांश मतदाताओं के लिए मुश्किल है। नागरिकों पर जटिल दस्तावेज़ीकरण प्रक्रिया के माध्यम से स्वयं को पात्र सिद्ध करने की अतिरिक्त जिम्मेदारी डाली जा रही है। राज्य की विशाल मतदाता संख्या को देखते हुए पुनरीक्षण के लिए निर्धारित समय सीमा अत्यंत कम है, जिससे सामान्य जनता समय पर आवश्यक दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर पा रही है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में समय सीमा बढ़ाई जाए। दस्तावेज़ीकरण को सरल किया जाए। जमीनी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों को मानसिक एवं प्रशासनिक राहत प्रदान की जाए। वास्तविक मतदाताओं को किसी भी स्थिति में मताधिकार से वंचित न किया जाए।
इस मौके पर रियाजुल हसन, राहुल राय, अंसार अहमद, चंद्रपाल सिंह यादव, तेज बहादुर यादव, बिपिन कुमार पाठक, शीला भारती, मुन्नू यादव, अजीत राय, गोपाल कृष्ण राय, मो. आमिर, प्रदीप यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-राहुल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *