पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज विकास खंड अंतर्गत स्थित पटवध कौतुक प्राचीन शिव मंदिर परिसर में गुरुवार को श्री मानस महायज्ञ एवं श्रीराम कथा पर 501 कन्याओं ने हाथी-घोड़े और गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। पूरा क्षेत्र “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
कलश यात्रा प्राचीन शिव मंदिर पटवध कौतुक से प्रारंभ होकर पटवध कौतुक गांव होते हुए सरैया बाजार तक गई और पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों कन्याओं की आस्था और श्रद्धा ने वातावरण को दिव्य बना दिया। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यह धार्मिक आयोजन आगामी 21 फरवरी तक चलेगा तथा 22 फरवरी को भव्य भंडारे के साथ इसका समापन होगा। कार्यक्रम में विद्वान आचार्य श्रीकांत पांडेय एवं अन्य आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया जाएगा। वहीं प्रतिदिन सायं पांच बजे से रात्रि दस बजे तक आयोजित श्री राम कथा में पंडित ललित गिरी महाराज अपने अमृतमय वचनों से श्रद्धालुओं को राम भक्ति के रस में सराबोर करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग रहा। कलश यात्रा के दौरान थानाध्यक्ष बिलरियागंज अपने हमराहियों के साथ मौजूद रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय