श्री मानस महायज्ञ व श्रीराम कथा 12 फरवरी से

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र स्थित पटवध कौतुक प्राचीन शिव मंदिर परिसर इन दिनों भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा हुआ है। 12 फरवरी से 21 फरवरी तक आयोजित होने वाले श्री मानस महायज्ञ एवं श्री राम कथा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर में भव्य यज्ञ मंडप बनकर तैयार हो चुका है और चारों ओर राम नाम की गूंज सुनाई देने लगी है।
आयोजन समिति द्वारा कलश यात्रा को भव्य बनाने के लिए हर घर से कन्याओं को कलश लेकर शामिल होने का आवाहन किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह का माहौल बन गया है। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान दिन में विद्वान आचार्य श्रीकांत पांडे एवं अन्य विद्वानों के सान्निध्य में विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न होगा। वहीं प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होने वाली श्री राम कथा में मानस मर्मज्ञ ललित गिरी महाराज अपने अमृतमय प्रवचनों से श्रद्धालुओं को राम भक्ति के रस में सराबोर करेंगे। कथा स्थल पर विशाल पंडाल की व्यवस्था की जा रही है ताकि अधिक से अधिक भक्तगण आराम से बैठकर कथा श्रवण कर सकें।
आयोजन का 22 फरवरी को भंडारे के साथ श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में समापन होगा। क्षेत्रवासी पूरे उत्साह और सेवा भाव के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में जुटे हैं, जिससे पूरा पटवध कौतुक क्षेत्र इन दिनों भक्ति, आस्था और राम नाम की मधुर ध्वनि से गुंजायमान हो उठा है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *