पुलिसिया बर्बरता का शिकार हुए शोभा प्रसाद

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जहानागंज थाने से पुलिसिया बर्बरता और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि थाने में पैरवी करने गए एक दलित व्यक्ति को पुलिसकर्मियों ने न केवल जातिसूचक गालियां दीं, बल्कि बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। इस घटना से आक्रोशित आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए पुलिस अधीक्षक से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर निवासी शोभा प्रसाद जातिगत अश्लील टिप्पणी मामले की पैरवी के सिलसिले में जहानागंज थाना गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जातिसूचक गालियां दीं। विरोध करने पर पुलिस द्वारा पीड़ित को बेल्टों से पीटा गया। इतना ही नहीं पुलिस ने उनका मोबाइल फोन और पास में रखे पैसे भी छीन लिए। गंभीर रूप से घायल शोभा प्रसाद को किसी तरह से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पूरी घटना के दौरान थाने के भीतर हुई झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि थाने के भीतर सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच की जाए, तो पुलिस की बर्बरता की कलई खुल जाएगी।
इस दौरान रमेश चमार, जिलाध्यक्ष शेषनाथ राव, अरुण कुमार, विशाल आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *