मुबारकपुर आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोरखपुर में आयोजित ऑल इंडिया कुश्ती प्रतियोगिता में मुबारकपुर के एमपी इंटर कॉलेज के उभरते पहलवान शिवम यादव पुत्र दिनेश यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। ग्रोको-रोमन शैली के 97 किलोग्राम वर्ग में उत्तर प्रदेश की ओर से भाग लेते हुए शिवम ने फाइनल में पंजाब के मजबूत माने जाने वाले पहलवान को निर्णायक पटखनी देकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
फाइनल बाउट शुरुआत से ही रोमांचक रही, लेकिन जैसे ही शिवम ने अपना दांव लगाया, पंजाब के पहलवान को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। विजय तय होते ही पूरे मुबारकपुर और पहलवान जगत में उत्साह की लहर दौड़ गई। प्रतियोगिता सम्पन्न होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिवम को विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर शिवम की तस्वीरें तेज़ी से वायरल होने लगीं।
विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद शहजाद अहमद ने बताया कि शिवम शुरू से ही मेधावी और मेहनती छात्र रहा है। तहसील, जिला, मंडल और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब राष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित कर दी है। उन्होंने कहा कि शिवम की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे मुबारकपुर को गर्व महसूस हुआ है। उन्हें बधाई देने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव