जुलाई माह में भी सूखी पड़ी है शारदा सहायक नहर

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वर्षों पहले जिस शारदा सहायक खण्ड 32 (फूलपुर राजबाहा) खेती के लिए रामबाण साबित हुआ करती थी वही राजबाहा आज अधिकारियों की उदासीनता के चलते मुसीबत बना हुआ है। समय से पानी न छोड़े जाने से खेतों में खड़ी फसलें सूख रही हैं। जबकि धान की फसल की तैयारियां बाधित हैं।
क्षेत्र के शिव कुमार, रामनरायन, मो सलमान, अच्छेलाल, अरविंद यादव, सत्य प्रकाश आदि किसानों का कहना है कि शारदा सहायक खण्ड 32 से फूलपुर तहसील में खेमीपुर, बागबहार, भुखली, मैगना, गोधना, आंधीपुर, हथनौरा, सहजेरपुर टेवगा सदरपुर बरौली आदि क्षेत्रों के लोग अपनी फसलों की सिंचाई करते हैं। मई में दो दिन के लिए पानी छोड़ा गया था। जून की शुरुआत में पानी नहीं आया। जिससे बड़े पैमाने पर गन्ना, बाजरा, मक्का, खरबूज, तरबूज सहित सब्जियों की सिंचाई नहीं हो पायी। इसके चलते खेतों में फसलें सूख रहीं हैं। वहीं धान की नर्सरी डालने की तैयारी में लगे किसान नहर में पानी की प्रतीक्षा करते रह गए। अधिकारियों की पिछले कई वर्षों की उदासीनता को देखते हुए कुछ किसानों ने नहर के बगल में बोरिंग करा लिया। इन किसानों द्वारा डीजल फूंककर नर्सरी डाली गयी। अब धान की रोपाई के समय भी नहरों में पानी नहीं आया तो किसान नहरों में वर्षात का जो पानी इकट्ठा हुआ उसे डीजल पम्पिंग सेट लगाकर खेत भर कर रोपाई कर रहे हैं।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *