फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फिल्म अदाकारा अभिनेत्री शबाना आजमी अपने पैतृक गांव मेजवा में शुक्रवार को अपनी सहयोगी काकुल, नम्रता गोएल और चिकनकारी सेंटर इंचार्ज संयोगिता के साथ कैफ़ी आजमी सिलाई और चिकनकारी सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा कपड़ों पर की गई चिकनकारी की प्रशंसा की। सेंटर में निरीक्षण के दौरान शबाना ने मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा दिए गए कपड़ों पर काम कर रही कामगार महिलाओं के कार्यों को बारीकी से देखा। कहा कि यह काम रोजगार परक है। ईमानदारी और मेहनत से इस काम को करने पर सफलता हासिल होगी। जिससे की आप सभी अपने परिवार को मेनटेन रख सकते हैं। इस दौरान फतेह मंजिल में उनसे मुलाकात करने आई आजमगढ़ विभा गोयल की संस्था की प्रशिक्षिका नेहा प्रजापति द्वारा चादरों पर बनाई गई बिहार की मशहूर मधुबनी पेंटिंग को देखा और उसे खूब सराहा। शबाना आजमी कैफी आजमी गर्ल्स कालेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं की संख्या की जानकारी लेने के बाद सभी स्टाफ के साथ बैठक किया। बैठक में उन्होंने स्कूल के विकास पर चर्चा की।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय