लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत मसीरपुर गांव के झाड़ी में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई।
बरदह थाना क्षेत्र के गांव गंगापुर गोगही निवासी बबलू गौड़ 45 वर्ष पुत्र बेचन गौंड़ शनिवार सुबह मसीरपुर झाड़ी में मृत अवस्था में पड़ा था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना देवगांव पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच में मृतक के जेब से कुछ साक्ष्य हाथ लगा। जिससे पता लग पाया कि मृतक गंगापुर गोगही का निवासी है। पुलिस ने फोन से परिजनों को इसकी सूचना दी। बताया जा रहा है कि मृतक पत्नी के साथ दिल्ली रहता था। उसका यह दूसरा विवाह था। पहली पत्नी से दो बच्चियां हैं, जिसमें स्वीटी 20 वर्ष, छोटी 16 वर्ष हैं जो ननिहाल में रहती हैं। मृतक दूसरी पत्नी संध्या के साथ दिल्ली रहता था। मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि मेरा भाई लगभग छः माह पूर्व दिल्ली गया था। दिल्ली से किस परिस्थिति में आज यहां पहुंचा, इसका हमें पता नहीं है। भाई घर नहीं आया था। जिले से आई फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद