तरवां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र में सड़क के किनारे खून से लथपथ एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। महिला के सिर में गंभीर चोट के निशान हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सुनीता राजभर 50 वर्ष पत्नी स्व.पन्धारी निवासी करनेहुआ जनपद जौनपुर वर्तमान में अपने मायके बनगांव थाना तरवां में रहती थी। उसका कोई भाई नहीं था। वह मायके में ही रहकर खेती बारी करती थी। शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र के रामपुर रोड पर उसका रक्तरंजित शव पाया गया। सुनीता के सिर में कई गहरे चोट के निशान हैं। देखने से यह प्रतीत हो रहा है कि किसी नुकीले हथियार से उसकी हत्या की गई है। मौके पर क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी, मेहनाजपुर थाना, तरवा थाना की टीम और फोरेंसिक विभाग, डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंची और गहन जांच पड़ताल किया। इस संबंध में थानाध्यक्ष तरवा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-दीपक सिंह