वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने की कानून व्यवस्था की समीक्षा

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार ने पुलिस लाईन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित व अराजपत्रित अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी की। उन्होंने कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर नियंत्रण हेतु पिकेट गस्त एवं प्रभावित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरा लगवाया जाय। चोरी व नकबजनी की घटनाओ के शत प्रतिशत अनावरण एवं संपत्ति की बरामदगी किया जाय। गम्भीर घटनाओं में राजपत्रित अधिकारी 24 घण्टे में घटना स्थल का निरीक्षण अवश्य करें। दो सम्प्रदायों के मध्य घटित छोटी से छोटी घटना का तत्काल संज्ञान लेकर विधिक समाधान कराया जाय। थाना परिसर में खडे़ वाहनों का अविलम्ब निस्तारण कराया जाय। थाना परिसरो में नियमित रूप से साफ सफाई करायी जाय। न्यायालय से समन्वय स्थापित कर मुकदमो से सम्बन्धित निर्णयिक मामलों का निस्तारण कराया जाय। आईजीआरएस के प्रार्थना पत्रों का समयवद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाय।
उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं का यथाशीघ्र विधिक निस्तारण कराया जाय। स्थान व समय बदल-बदल कर वाहन चेकिंग करायी जाय तथा नियम विरूद्ध पाये जाने पर यथोचित कार्यवाही की जाय। माफियाओं के विरूद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही की जाय तथा गैंगस्टर एक्ट के अपराध से अर्जित संपत्तियों का नियमानुसार पता लगाकर जब्तीकरण की कार्यवाही की जाय। टाप-टेन अपराधियों के विरूद्ध आपराधिक सक्रियता के आधार प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही की जाय। उन्होंने जनसुनवाई एवं भूमि संबंधी प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मुधवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *