उपमुख्यमंत्री के जन चौपाल कार्यक्रम की तैयारी में जुटे आलाधिकारी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगामी 22 जनवरी को संभावित जन चौपाल कार्यक्रम को लेकर विकास खंड सठियांव के ग्राम पंचायत शाहगढ में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेज निर्माण, जनसभा में बैठने की व्यवस्था, पार्किंग स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि जन चौपाल के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपमुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गांव और शाहगढ बाजार क्षेत्र में युद्धस्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सैकड़ों सफाई कर्मियों को लगाकर सड़क, नालियों, सार्वजनिक स्थलों और कार्यक्रम स्थल के आसपास विशेष सफाई कराई जा रही है। साथ ही अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जन चौपाल के माध्यम से क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी और मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसको लेकर ग्रामीणों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव, डीपीआरओ पवन कुमार, खंड विकास अधिकारी सठियांव हरिमोहन सिंह, एपीओ निर्भय राय, ग्राम पंचायत अधिकारी ज्ञानदीप तथा ग्राम प्रधान सरोज मौर्य सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *