अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्रम प्रकोष्ठ रमाकांत मिश्र ने रविवार को अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसआईआर को लेकर विपक्ष पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर की तिथि बढ़ाना चुनाव आयोग का निर्णय है और चुनाव आयोग भारत गणराज्य की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। ऐसे में सपा, कांग्रेस और बसपा द्वारा इस पर आपत्ति जताना केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भाजपा 365 दिन और 24 घंटे जनता के बीच काम करने वाला दल है, जिसकी विचारधारा जनसंघ की स्थापना से ही सेवा और संगठन पर आधारित रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत ने विपक्ष के भ्रम को दूर कर दिया है, जबकि अखिलेश यादव, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एसआईआर पर अनावश्यक राजनीतिक बयानबाज़ी कर रहे थे। बिहार में एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं मिला जिसने कहा हो कि उसका नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पारदर्शी पुनरीक्षण आम जनता के हित में है और पूरे देश में निष्पक्ष व प्रभावी मतदाता सूची तैयार होना लोकतंत्र की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता बीएलओ के साथ मिलकर बूथ स्तर पर मतदाता सूची के शुद्धिकरण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिसका स्वागत आम जनता भी कर रही है। श्री मिश्र ने विश्वास जताया कि मतदाता पुनरीक्षण के बाद नगर पंचायत अतरौलिया में अगला अध्यक्ष भाजपा का ही होगा। चुनाव आयोग द्वारा पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाए गए इस कदम का स्वागत किया जाना चाहिए, न कि उस पर राजनीति।
रिपोर्ट-आशीष निषाद