लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के मिर्जा आदमपुर निवासी बजरंगी को राजस्व अभिलेखों में मृत दिखा कर भतीजों के नाम वरासत कर दिया गया। राजस्व कर्मियों की मनमानी से आयेदिन जीवित लोगों को राजस्व अभिलेखों में मृत दिखा कर वरासत कर दी जा रही है।
लालगंज तहसील क्षेत्र के मिर्जा आदमपुर गांव निवासी बजरंगी पुत्र खरपत्तू ने बुधवार को उपजिलाधिकारी सुरेन्द्र नारायण त्रिपाठी को आवेदन दे कर आरोप लगाया कि आवश्यक कार्यवश खतौनी की नकल लेने पर ज्ञात हुआ कि हल्का लेखपाल हमारे भतीजो की साजिश में आ कर राजस्व अभिलेख में मुझे मृत दिखा कर भतीजों के नाम वरासत कर दिया है जबकि मैं जिंदा हूं तथा मेरे पास एक पुत्र भी है। उपजिलाधिकारी ने तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर आख्या देने हेतु आदेशित किया है। तहसील में आयेदिन राजस्व अभिलेख में लोगों को मृत दिखा कर मनमानी कर लोगों के नाम वरासत करने की शिकायत प्राप्त हो रही है उसके बाद भी राजस्व कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही न होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रिपोर्ट-मकसूद आजमी