माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उपजिलाधिकारी फूलपुर ने मंगलवार माहुल नगर पंचायत में साफ सफाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सड़कों के किनारे साफ सफाई होती दिखी पर गलियों में गंदगी मिली। जिसे देख कर उन्होंने साथ में चल रहे अधिशासी अधिकारी दिनेश चंद आर्य को मौके पर ही साफ सफाई को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
एक सप्ताह से लगातार माहुल नगर पंचायत में स्वच्छता अभियान को गतिशील बनाने हेतु निरीक्षण कर रहे एसडीएम नरेंद्र कुमार गंगवार अधिशासी अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य को साथ लेकर सुबह साढ़े छः बजे पहुंचे। इसी दौरान उनकी निगाह शिवाजी चौक पर बने प्याऊ के गेट के खुले ताले पर गई। जिसे देख उन्होंने ईओ से इसके बारे में पूछने के साथ ही ताले को बंद रखने का निर्देश दिया। वार्ड नंबर तीन गांधीनगर के न्यू मार्केट के दुकानदार आजम कुरैशी ने बताया कि सड़कों पर तो सफाई हो रही है परंतु न्यू मार्केट में तीन माह से साफ सफाई नही हुई। अधिशासी अधिकारी से कहने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। मौके पर गंदगी देख ईओ दिनेश चंद्र आर्य को निर्देशित किया कि तत्काल इस मार्केट में भी साफ सफाई कराई जाय। यही नहीं उन्होंने नागरिकों से यह भी कहा कि नगर के किसी भी कोने पर यदि गंदगी दिखाई देती है तो उन्हें सूचित करें। इस मौके पर केशव अग्रहरी, आलमगीर खान, डब्बू मोदनवाल, राजेश पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह