आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीतिका राजन ने सोमवार को जनपद में स्थित वन स्टॉप सेन्टर का निरीक्षण कर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
निरीक्षण के दौरान सरिता पाल केन्द्र प्रबन्धक वन स्टाप सेन्टर, रीना एमटीएस, ममता यादव केसवर्कर, अनिता मिश्रा, उमा वर्मा महिला कान्सटेबल, निधि, नेहा होमगार्ड, रानी सिंह सोशल वर्कर, बबिता यादव, पराविधिक स्वयं सेवक उपस्थित रहीं।
सचिव द्वारा वन स्टॉप सेन्टर में रखे गये अभिलेखों का निरीक्षण किया गया, जिसमें अद्यतन स्थिति दर्ज पायी गयी तथा वन स्टॉप सेन्टर के सभी कर्मचारी उपस्थित पाये गये। केन्द्र प्रबन्धक ने बताया कि आज की तिथि में कुल 8 बालिकायें वन स्टॉप सेन्टर में निरूद्ध हैं, जिनको आवश्यकतानुसार चिकित्सीय सुविधा, आश्रय सुरक्षा, परामर्श सेवा, कानूनी सहायता, पुलिस सहायता प्रदान की जाती है।
सचिव ने सभी बालिकाओं से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। बालिकाओं ने किसी प्रकार की समस्या से अवगत नहीं कराया।
निरीक्षण के उपरान्त विधिक जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें सचिव ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिला तथा पॉक्सो से सम्बन्धित बालिकाओं को वन स्टॉप सेन्टर द्वारा सहायता प्रदान की जाती है।
रिपोर्ट-सुबास लाल