लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर लालगंज के दयाराम बाबा शिव मन्दिर परिसर स्थित श्री कान्हा गौ आश्रय स्थल का एसडीएम लालगंज श्याम प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। गौ आश्रय स्थल की 45 की क्षमता पर 79 गौ वंश पाये गये। गौशाला के गौ-सेवक राकेश यादव ने बताया कि 28 कुन्तल भूसा, एक कुन्तल चूनी, चोकर, पानी के लिए समर सेवल की व्यवस्था उपलब्ध है। परिसर में मौके पर हरा चारा नहीं मिला।
जांच कर रहे पशुचिकित्सा अधिकारी डा.चन्द्रसेन गुप्ता ने बताया कि सभी गौवंश स्वस्थ हालत में हैं। विकास खण्ड लालगंज के निराश्रित गौ आश्रय स्थल चिरकिहिट का निरीक्षण करने पहुंचे तहसीलदार लालगंज शैलेश कुमार के अनुसार गौ आश्रय स्थल परिसर में कुल 62 गौवंश पाये गये। गौशाला में पेड़ न होने पर उन्होने संबंधित अधिकारियों को वृक्षारोपण एवं साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया। गौ-सेवक पुष्पा ने बताया कि 45 कुन्तल भूसा, छः बोरी चूनी चोकर, पानी के लिए समरसेबल की व्यवस्था मौजूद है, जबकि गौशाला में हरा चारा नहीं मिला। ग्राम विकास अधिकारी चिरकिहिट धर्मेन्द्र सरोज ने बताया कि एक गौवंश को प्रतिदिन तीन किलोग्राम भूसा व एक किलोग्राम चूनी चोकर का प्रावधान है जो यहां उपलब्ध है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद