फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील दिवस के दौरान अनुपस्थित रहने वाले विभागीय अधिकारियों के खिलाफ उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम ने 17 जनवरी को आयोजित तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर के अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई के अधीक्षक तथा विद्युत वितरण खंड-3 फूलपुर के सहायक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
एसडीएम अशोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि के भीतर संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में एकपक्षीय आख्या तैयार कर जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी जाएगी। एसडीएम की इस कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय