आज़मगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के सुम्भी बाजार के पास रविवार की सुबह स्कूटी अनियंत्रित होकर पलटने से राजगीर की मौत हो गई, वहीं उसका पुत्र घायल हो गया। घटना के समय पिता पुत्र दवा लेने के लिए शहर जा रहे थे। यह घटना तब हुई जब एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जहानागंज थाना क्षेत्र के नरेहथा गांव निवासी 58 वर्षीय रामशब्द चौहान पुत्र स्व. राजबली चौहान राजगीर का काम करता था। रामशब्द चौहान बीमार थे। रविवार की सुबह वह अपने छोटे पुत्र 20 वर्षीय उत्कर्ष चौहान के साथ स्कूटी पर बैठकर शहर में डॉक्टर को दिखाने के लिए जा रहे थे। सुम्भी बाजार के निकट साइकिल सवार को बचाने में स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे रामशब्द चौहान के सिर में गंभीर चोट लग गई। उत्कर्ष चौहान भी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गये। दोनों को लेकर लोग राजकीय मेडिकल कालेज ले गए। डॉक्टर ने रामशब्द चौहान को मृत घोषित कर दिया। उत्कर्ष का उपचार चल रहा है। रामशब्द चौहान के दो पुत्र व तीन बेटियां हैं। घटना के बाद पत्नी इंदा सहित परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।