ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सवर्ण आर्मी भारत, आजमगढ़ इकाई द्वारा शुक्रवार को गम्भीरपुर थाने में फिल्म निर्देशक नीरज पांडे के विरुद्ध ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के जिलाध्यक्ष निखिल राय के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी वेब कंटेंट को लेकर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी अखिलानन्द उपाध्याय ने कहा कि नेटफ्लिक्स पर प्रस्तावित फिल्म ‘घुसखोर पंडित’ के शीर्षक को लेकर समाज के एक वर्ग की भावनाएं आहत होने की आशंका है। उनका कहना था कि इस प्रकार के शीर्षक से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है, इसलिए इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्मों और वेब सीरीज के माध्यम से किसी भी समाज या समुदाय को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है। संगठन का मानना है कि सिनेमा का उद्देश्य समाज को जोड़ना होना चाहिए, न कि किसी वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाना। सवर्ण आर्मी भारत ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कदम उठाने की मांग की, ताकि समाज में आपसी सौहार्द और शांति बनी रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष निखिल राय, जिला मीडिया प्रभारी अखिलानन्द उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष ओंकार पाठक, जिला उपाध्यक्ष अजय राय, अभय राय, विशाल, शशांक दूबे सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-एमके राय