आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ विकास खंड तरवा के सफाई कर्मचारियों द्वारा विकास खंड मुख्यालय पर शांति शरण सिंह एडीओ पंचायत के विरोध में धरना दिया गया।
धरनारत सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि उक्त एडीओ पंचायत कर्मचारियों का शोषण करते हैं। विकास खण्ड में एक कर्मचारी की मृत्यु हो गई थी संगठन द्वारा उसके परिवार को सहायता के लिए कर्मचारियों ने 50000 जुटाया था। जब पैसा जुट गया तो एडीओ पंचायत ने कहा कि मेरे पिताजी की तबीयत बहुत ज्यादा खराब है जो पैसा जुटाया गया है आप लोग दे दीजिए एक सप्ताह के बाद वेतन आएगा तो पैसा दे देगें। तब चलकर उसके परिवार में पैसा दिया जाएगा। इसके बाद मृतक कर्मचारी का पैसा मांगने पर गाली गलौज देते हैं जिससे कर्मचारी विवश होकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी को सूचना भी दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आयेदिन एडीओ पंचायत का कर्मचारियों के प्रति अत्याचार बढ़ता जा रहा है। जब तक शांति शरण सिंह एडीओ पंचायत का ब्लाक मुख्यालय से स्थानांतरण नहीं होता और मृतक सफाई कर्मचारी का पैसा इनके द्वारा नहीं लौटाया जायेगा तब तक धरना प्रदर्शन अनवरत चलता रहेगा।
इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा जिला संगठन से वार्ता की गई जिसमें बताया गया कि सहायक विकास अधिकारी पंचायत का स्थानांतरण 2 जुलाई तक कर दिया जायेगा। आप लोग धरना स्थगित कर दीजिए। उनकी बातों को संज्ञान में लेते हुए जिला संगठन द्वारा विकास खण्ड तरवां के संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता करके धरना स्थगित कर दिया गया। इस अवसर पर देवेश कुमार यादव, उमाकांत गौतम, भीमराज, अशोक कुमार, मृत्युंजय यादव, प्रदीप कुमार एवं ब्लाक के समस्त सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार