लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड लालगंज के मई खरगपुर स्थित आत्म अनुसंधान आश्रम के जय विजय सभागार में महाशिवरात्रि के पर्व पर आयोजित गोष्ठी में देर शाम श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए परम पूज्य बाबा विशाल भारत ने कहा कि व्रत करने से नहीं व्रत लेने से सनातन समृद्ध होगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरा शौर्य मंडल शिव शिवा मय रहता है। लेकिन लौकिक जगत में तो माता-पिता ही वास्तविक शिव एवं शिव हैं। अतः सभी लोग वास्तविक शिव एवं शिवा अर्थात माता-पिता का सम्मान करना सीखें।
उन्होंने कहा कि काल्पनिक शिव एवं शिवा के चक्कर में सभी लोग वास्तविक शिव एवं शिवा को भूलते जा रहे हैं। झूठ से कभी प्रमाण नहीं मांगा जाता, हमेशा सत्य से ही प्रमाण मांगा जाता है। उन्होंने कहा कि इस धरती की यह स्थिति है कि सत्य को हमेशा प्रयत्न पूर्वक छुपा कर रखने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि संपत्ति विपत्ति का कारण होती है। जब तक आप अपना कल्याण नहीं चाहेंगे तब तक कोई भी आपकी मदद नहीं कर सकता। गोष्ठी में कैलाश नाथ तिवारी, सतीश चंद तिवारी, नरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, ऋषिकांत राय, ध्रुव सिंह, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, समंत सेगर, डा. पूनम तिवारी, डा. आशा लता सिंह ने अपने-अपने विचार रखे। दिनेश तिवारी ने मंगलाचरण गायन तथा डॉ.रामनयन सिंह सेवा निवृत प्रधानाचार्य ने गोष्ठी का संचालन किया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद