‘संस्कृति विमर्श’ के साथ संतों ने की भाजपा के दोबारा वापसी की कामना

शेयर करे

वाराणसी के दुर्गाकुंड स्थित अंधविद्यालय में ‘संस्कृति विमर्श’ का आयोजन
वाराणसी (सृष्टि मीडिया)।
अयोध्या में दीपावली मनाने के लिए पाँच सौ साल का इंतजार करना पड़ा। पहले भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका के व्हाइट हाउस के सामने वाले लॉज में कई दिनों तक इंतजार करते थे और आज दुनिया में कहीं तनाव हो तो हमसे मध्यस्थता की गुहार लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विश्वगुरु के रूप में प्रदर्शित किया है। उक्त बातें भारत सरकार के शिक्षा मंत्री और यूपी के भाजपा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को अपने वक्तव्य में कही। मौका था अखिल भारतीय संत समिति, गंगा महासभा, श्रीकाशी विद्वत परिषद एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण विद्वत परिषद न्यास के संयुक्त तत्वावधान में काशी के पीठाधिपतियों और महंतों के सानिध्य में दुर्गाकुंड स्थित अंध विद्यालय में आयोजित ‘संस्कृति विमर्श’ का।
राष्ट्रवादी सरकार के पुन: वापसी की कामना
अपने सम्बोधन के क्रम में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह काशी का महात्म्य और महिमा है। भगवा इस देश के समता का प्रतीक है। असुर शक्ति में विश्वास करने वाले दुर्जनों को सबक सिखाना है। भारत की ताकत बढ़ाने वालों की शक्ति तब बढ़ेगी जब उत्तर प्रदेश में भी भारत के ताकत बढ़ाने वाले सशक्त होंगे। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी की उपस्थिति में काशी के संतों ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्रवादी सरकार की पुन: वापसी के लिए हिन्दू जनता से आह्वान किया।
संतों के यज्ञ की रक्षा करें
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय संत समिति और गंगा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानंद सरस्वती ने कहा कि दिसम्बर 2023 में राम मंदिर बन जाएगा। तब तक प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी राम-लक्ष्मण की भाँति संतों के इस यज्ञ की रक्षा करें, यही हमारा अभीष्ट है। उन्होंने कहा कि जो राजनेता या राजनैतिक दल भारत के हजारों वर्ष पूर्व के प्राचीन तीर्थस्थलों की चिंता नही करते उन्हें सत्ता प्राप्त नही होगी, यह निश्चित है। भगवान श्रीराम ने टेंट में दो बनवास यानी 28 साल काटे। यहाँ तक फटे कपड़े को बदलने के लिए हमें कोर्ट से परमिशन माँगना पड़ता था। आज जब केदारनाथ में आचार्य शंकर की मूर्ति का अनावरण होता है, हैदराबाद में रामानुजाचार्य की मूर्ति अनावरण होता है, काशी में विश्वनाथ धाम कॉरिडोर विकसित होता है और ब्रज की परिक्रमा विकसित होती है तब हमें हार्दिक प्रसन्नता होती है।
दुनिया की दिशा तय करती है काशी
विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री और धर्माचार्य सम्पर्क प्रमुख अशोक तिवारी ने कहा कि काशी पूरी दुनिया की दिशा तय करती है। हम सक्रिय रहें और सब प्रकार सनातन शक्तियों को सशक्त करने वालों को मजबूत करने हेतु सक्रिय हों। श्रीकाशी विद्वत परिषद के महामंत्री रामनारायन द्विवेदी ने कहा कि आप सभी संत विद्वतजन निर्णयक भूमिका में हैं। समाज में जागरण कर आपको बताना कि आपका मत राष्ट्र की चेतना को संचार करने वाली शक्तियों की प्राप्त हो। इससे उनका उत्साह बढ़ेगा और हमारा राष्ट्र समृद्धि को प्राप्त करेगा। आप एक-एक व्यक्ति एक-एक संस्था का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जब आप किसी को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे उसके अंदर जागृति आएगी। वाराणसी की सभी सीटों पर 80-90 फीसदी तक मतदान हो ऐसा प्रयास करें।
हिन्दू समाज को विभाजित नहीं होने दिया जाएगा
अखिल भारतीय ब्राह्मण विद्वत परिषद न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने हिन्दू समाज को विभाजित करने वाली शक्तियों को पराजित करने का आह्वान किया। गंगा महासभा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री गोविंद शर्मा ने कहा कि एक समय था जब हमने कैप्टन सौरभ कालिया का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था और आज विंग कमांडर अभिनंदन पाकिस्तान से सकुशल वापस लौटकर आता है। मुगलसराय, फैजाबाद और इलाहाबाद का प्राचीन नाम योगी ने बहाल किया। यह सब जनता के आशीर्वाद और मतों के सही उपयोग होने पर ही सम्भव हुआ है।
अतिथियों ने भी रखें विचार
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष पद्मश्री राजेश्वर आचार्य ने भारत की प्राचीन गौरवशाली आध्यात्मिक संस्कृति की धृति को आत्मसात करने वाले समर्पित नेतृत्व को पुन: लाने की कामना व्यक्त की। पद्मश्री रजनीकांत द्विवेदी, जगद्गुरु रामानुजाचार्य पुंडरीक शास्त्री ने भी सम्मेलन को सम्बोधित किया। सम्मेलन में प्रो. नागेंद्र पांडेय, प्रो. केके त्रिपाठी, चंद्रमौलि उपाध्याय, प्रो. भगवत शरण शुक्ल, प्रो. ओमप्रकाश सिंह, सतीशचंद्र मिश्र, श्री चल्ला सुब्वाराव शास्त्री, वी.एस. सुब्रमण्यम मणि, पं. दीपक मालवीय, पं. ब्रजभूषण ओझा सहित विभिन्न विभूतियों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *