अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की किल्लत की अफवाह ने बुधवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। सुबह से ही अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने के लिए उमड़ पड़े और कई जगहों पर बड़े गैलन व बोतलों में भी पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए।
स्थिति यह रही कि एक पंप को छोड़कर लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। सिकंदरपुर स्थित केटी फिलिंग स्टेशन पर तेल नही है का बोर्ड लगा दिया गया और आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे लोगों को और परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गेहूं की मड़ाई का समय होने के चलते किसान पहले से ही डीजल खरीद रहे थे। इसी बीच पड़ोसी जनपद अम्बेडकर नगर से किल्लत की अफवाह फैलने से स्थिति और बिगड़ गई और अचानक मांग बढ़ गई। पंप संचालकों का कहना है कि डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाह के चलते लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
इस संबंध में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में डीजल-पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही चेतावनी दी कि अनावश्यक खरीदारी कर ईंधन का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद