ट्रांसफार्मरों का कराया जाय रूटीन मेंटीनेंस: डीएम

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान पाया गया कि गर्मी के कारण लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मर जल जा रहे हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियन्ता सर्किल-1 को निर्देश दिया कि विभिन्न डिविजनों के एक्सीयन के माध्यम से प्रीवेन्टिव कार्यवाही एवं रूटीन मेन्टेनेंस की कार्यवाही डिविजनवार कराना सुनिश्चित करें।
विभिन्न डिविजनों में बिलिंग प्रतिशत कम पाये जाने पर जिलाधिकारी ने डिविजनों के संबंधित एक्सीयन को निर्देश दिये कि मीटर रीडर के माध्यम से मीटर की चेकिंग कराते हुए बिलिंग प्रतिशत बढ़ायें। विद्युत के जो बड़े बकायेदार हैं, जिनको आरसी जारी की गयी है, उनसे विद्युत देयकों की वसूली के लिए संबंधित एसडीएम व तहसीलदार से समन्वय बनाकर वसूली करायें। जिन डिविजनों में लाइन लॉस एवरेज से ज्यादा है, उन डिविजनों में फीडर वाइज ग्रामों को चिन्हित करते हुए वहां पर कैम्प लगाकर जितने भी कटिया कनेक्शन वाले हैं, उनको स्थायी कनेक्शन में परिवर्तित करायें।
विगत माह की अपेक्षा वर्तमान समय में कलेक्शन गैप की प्रगति धीमी पाये जाने पर जिलाधिकारी ने समस्त डिविजनों के एक्सीयन को निर्देश दिया कि संबंधित क्षेत्रों में जहां पर कलेक्शन गैप ज्यादा है, वहां पर कैम्प लगाकर विद्युत बकायेदारों से विद्युत देयों को जमा करायें। इस अवसर पर मुख्य अभियन्ता विद्युत आशुतोष श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियन्ता सर्किल-1 एपी सिंह, अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड प्रथम अरविन्द सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *