मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सठियांव ब्लाक के ग्राम सभा बिंदमठिया में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य कराया गया था। इस दौरान टुनटुन मोड़ से सिकंदरपुर नैठी मार्ग पर स्थित मालती देवी इंटर कॉलेज के पास पीएम जेएसवाई के अंतर्गत बनी मुख्य सड़क को क्रॉसिंग कर पाइप तो डाल दिया गया, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इसी लापरवाही के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है। इस गड्ढे की वजह से आए दिन कोई न कोई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पाइप डालने के बाद गड्ढे को मिट्टी से भरकर अधूरा छोड़ दिया गया। धीरे-धीरे मिट्टी धंस गई और अब वहां गहरा गड्ढा बन चुका है। इस पर से गुजरते समय साइकिल, मोटरसाइकिल और छोटे वाहन अक्सर फंस जाते हैं। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। बरसात में तो हालात और भी खराब हो जाते हैं, क्योंकि गड्ढे में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है।
वहीं प्रधान अमित पांडेय ने कहा कि यह सड़क मुबारकपुर से आजमगढ़ गोरखपुर नेशनल हाइवे को जोड़ती है। रोजाना सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आते-जाते हैं। हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
जब इस संबंध में कार्यदायी संस्था का ध्यान आकर्षित कराया गया तो संस्था के मैनेजर माधव रेड्डी ने कहा कि आपके माध्यम से मुझे जानकारी मिली है। हम इस मामले को गंभीरता से लेते हैं और 2 दिन के भीतर समस्या का समाधान करा देंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने तथा भविष्य में ऐसे कार्यों के बाद सड़क की सही तरीके से बहाली सुनिश्चित कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव