फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। माहुल रोड अंबारी से दीदारगंज रोड स्थित रेलवे स्टेशन अंबारी तक जाने वाले मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाए गए सीसी रोड की खामियां अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही हैं। सड़क निर्माण को कई महीने बीत जाने के बावजूद किनारों पर अब तक मिट्टी नहीं डाली गई है, जिससे आयेदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की ऊंचाई अधिक होने के कारण दोनों किनारों पर खाई जैसी स्थिति बन गई है। जरा सी चूक होने पर वाहन चालक असंतुलित होकर गिर जाते हैं। खासकर बाइक और साइकिल सवारों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क इतनी संकरी हो गई है कि एक समय में केवल एक ही वाहन गुजर सकता है। ऐसे में आमने-सामने वाहन आने पर जाम की स्थिति बन जाती है। यह मार्ग अंबारी की छोटी बाजार और रेलवे स्टेशन को जोड़ता है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों कृष्ण कुमार यादव, अजीत कुमार यादव, राजेश यादव, जेपी यादव, शिव कुमार पांडेय व अशोक यादव ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के किनारों पर जल्द मिट्टी डलवाकर समतलीकरण कराया जाए, ताकि हादसों पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
इस संबंध में अवर अभियंता गिरीश चंद चौधरी ने बताया कि निर्माण के स्टीमेट में मिट्टी भराई का बजट शामिल नहीं था। ग्रामीणों से अपने-अपने घरों के सामने मिट्टी डालकर समतल करने को कहा गया था।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय