फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बकाया विद्युत राजस्व की प्राप्ति के लिए रविवार को जहां कैश काउन्टर खुले रहे वहीं अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम द्वारा फूलपुर कस्बा में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 1.70 लाख राजस्व की वसूली की गई।
विगत कुछ दिनों उपभोक्ताओं द्वारा कम बिजली का बिल जमा किया जा रहा है। इसके लिए विभाग द्वारा फूलपुर खण्ड क्षेत्र के काउंटर को रविवार के दिन भी खोला गया था। वहीं अधीक्षण अभियंता विद्युत मण्डल द्वितीय दिग्गविजय सिंह एवं अधिशासी अभियंता हरीश प्रजापति के नेतृत में उपखण्ड अधिकारी फूलपुर भूप सिंह, अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह सहित विद्युत विभाग की पूरी टीम कस्बा में चेकिंग के लिए निकल पड़ी। इस दौरान बकायादारों से 1.70 लाख राजस्व की वसूली की गयी। त्योहारों को देखते हुए बकायादारों के कनेक्शन नहीं काटे गए हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं को किसी भी असुविधा से बचने के लिए विद्युत बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधीक्षण अभियंता दिग्गविजय सिंह ने कहा कि चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा। उन्होंने अधीनस्थों से राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया है। साथ ही उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अधिशाषी अभियन्ता फूलपुर हरीश प्रजापति, आशीष पाल, सिकन्दर, रमाकान्त, राजकुमार, आबिद, रामोध आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय