शहीदों के पदचिह्नों पर चलने का लिया संकल्प

शेयर करे

फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारत माता के अमर सपूत भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के बलिदान दिवस को अत्यंत श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगतसिंह अभिनव पब्लिक स्कूल अमौड़ा मोहिउद्दीनपुर के प्रांगण में देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जहां छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत तीनों अमर शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। विद्यालय के प्रबंधक अरबिंद कुमार यादव एवं प्रधानाचार्य अशोक कुमार यादव ने कहा कि इन वीर सपूतों ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने छात्रों को उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा देशभक्ति गीत, कविताएं और नाट्य प्रस्तुतियां भी दी गईं। कार्यक्रम के दौरान वातावरण “इंकलाब जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहा भगत सिंह खेल एकेडमी द्वारा आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता दंगल। इस दंगल में आसपास के क्षेत्रों से आए पहलवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने रोमांचक और जोरदार कुश्तियां लड़ीं। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
विजेता पहलवानों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में सभी ने शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मेवालाल, सुधार चौहान, इंद्रेश यादव, अमरजीत यादव, मोनिका यादव नीलम यादव, विकास चौहान आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *