आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेंट जेवियर हाई स्कूल समेदा के प्रांगण में मेजर ध्यानचंद की याद में उनके जन्मदिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के रेजिडेंशियल डायरेक्टर अनिरुद्ध जयसवाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य विनंजय शर्मा, कोऑर्डिनेटर संगीता राय तथा खेल के शिक्षक रवि सिंह ने संयुक्त रूप से मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए किया। तत्पश्चात विद्यालय के चारों हाऊस के बच्चों को अपनी-अपनी टोली बनाने के लिए कहा गया।
चारों हाऊस के मध्य खो-खो वालीबाल, कबड्डी, इत्यादि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें खो-खो में मुख्य रूप से लड़कियों के ग्रुप में रेड हाऊस की बच्चियों ने विजय हासिल किया। यलो हाऊस की बच्चियों ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार कबड्डी में भी प्रथम, द्वितीय और तृतीय आते रहे। कार्यक्रम की समाप्ति पर रेजिडेंशियल डायरेक्टर अनिरुद्ध जायसवाल ने विजेता टीम को मेडल तथा ट्राफी प्रदान किया। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को बताया कि किस प्रकार से मेजर ध्यानचंद ने अथक प्रयास करके खेल की दुनिया में अपना मुकाम हासिल किया। उन्होंने बताया कि खेल के माध्यम से हम अपने जीवन में बहुत आगे बढ़ सकते हैं और हमारा स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। कार्यक्रम की समाप्ति पर प्रधानाचार्य विनंजय शर्मा ने बच्चों को खेल के प्रति हमेशा जागरूक रहने तथा जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार