मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। इस समय शादी विवाह का कार्यक्रम चल रहा है जिसमें रेडीमेड कपड़ों की डिमांड ज्यादा है जिसका मूल कारण यह है कि कपड़ों की सिलाई काफी महंगी हो गई है जिसके चलते लोग रेडीमेड कपड़ों को अधिक पसंद कर रहे हैं। बाजार में रेडीमेड की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ ज्यादा लग रही है जिससे टेलरिंग के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल होने या उपहार देने के लिए लोग कपड़ों की खरीदारी करने में जुटे हैं। बाजार में रेडीमेड की दुकानों पर ग्राहकों की अधिक भीड़ देखी जा रही है। तहसील क्षेत्र के प्रतिष्ठित रेडीमेड व्यवसायी ने बताया कि रेडीमेड कपड़ों की खरीदारी बढ़ने का मूल कारण यह है कि कपड़ों की सिलाई काफी महंगी हो गई है। पैंट और शर्ट सिलवाने के लिए कम से कम 1000 से लेकर 2000 तक देना पड़ता है। इसके बाद जो कपड़ा खरीदना है वह भी कम से कम 1500 से लेकर 2000 में पड़ता है। सब मिलकर यह पैंट शर्ट लगभग 3000 के आसपास पहुंच जाता है। जबकि रेडीमेड की दुकान पर औसत का पैंट शर्ट 1500 से लेकर 2000 तक पड़ जाता है।
सिलाई का काम करने वाले मुन्ना टेलर ने बताया कि बीते करीब 3 साल से लगन के समय इतना कपड़ा सिलने के लिए आता था की फुर्सत नहीं मिलती थी। लेकिन अब पहले की तरह काम नहीं चल रहा है जो भी हो रेडीमेड कपड़ों के चलते क्षेत्र के सिलाई की दुकानों पर भीड़ नहीं देखी जा रही है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी