खुलेआम घूम रहे दुष्कर्म के आरोपी

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र ने मुख्यमंत्री को संबोधित शिकायती पत्र डीएम को सौंपा है। कहा कि खुलेआम घूम रहे दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया जाय जिससे पीड़िता को न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ग विशेष से संबंध रखने वाले आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वह मुखर होने को बाध्य होंगे।
शिकायती पत्र सौंपते हुए जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र ने आरोप लगाया है कि अहरौला से पवई रोड पर स्थित एक कान्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या/शिक्षिका के साथ दुष्कर्म के मामले में खुले में घूम रहे मुख्य आरोपी सहित अन्य की गिरफ्तारी न होने से पीड़िता भयभीत है। इसी को लेकर वह बार-बार रानी की सराय थानाध्यक्ष से न्याय की गुहार लगा रही है लेकिन आरोपी का बचाव किया जा रहा है। गिरफ़्तारी न होने से मुख्य आरोपी का हौसला बुलंद है और वह पीड़िता को भयभीत करते हुए जानमाल की धमकी दे रहा है जिसके कारण उसका जीना मुहाल हो चुका है।
इस बाबत पीड़िता ने बताया कि अगर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह कभी भी उसकी हत्या कर देगा और पैसे के दम पर खुद को बचा लेगा। पीड़िता ने यह भी कहा कि वह दबंगों के आगे अत्यंत ही असहाय हो चुकी है और न्याय के लिए दरबदर की ठोकर खाने को मजबूर है। हरिवंश मिश्र के साथ पीड़िता जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित आलाधिकारियों के यहां न्याय की गुहार लगा रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *