आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जनपद में भी शहर से लेकर गांव तक रामोत्सव की धूम रही। मंदिरों, शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन व सुन्दर काण्ड का पाठ किया। तत्पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया। शाम होते ही पूरा जनपद दीप मालिकाओं से जगमगा उठा। युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। 22 जनवरी सोमवार को पांच सौ वर्ष बाद सभी सनातनियों की अभिलाषा पूर्ण हो गयी। अयोध्या में भव्य मंदिर बन कर तैयार हो गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह प्रभु श्रीराम की झांकी निकाली।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार शंकर जी तिराहा से हिन्दू संगठनों के नेतृत्व में शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ भगवान श्रीराम झांकी को माल्यार्पण आरती व पुष्प वर्षा, ढोल नगाड़े, बैंड पार्टी, डीजे, व भगवा ध्वज लिए उमड़े जन समूह राम रंग में रंगे थे। हर कोई उत्साह से लबरेज था। महिला श्रद्धालुओ ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। राम जी की सेना चली, राम आयेंगे, अवध में राम आए हैं, युग राम राज का आ गया, आदि मधुरतम संगीत पर सभी थिरके। भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा नगर राममय हो उठा। रघुनंदन के वंदन को पूरा क्षेत्र आतुर दिखा। नव युवक क्रान्ति दल, भारतीय क्लब, सहित सभी पूजा कमेटियां लगी रही। इस अवसर पर संतोष जायसवाल पुजारी, राजेश मोदनवाल, अजय जायसवाल, चंदन, कैलाश रूंगटा, भानु प्रताप चौहान, सुरेश मौर्य, विशाल पाण्डेय, अभय सिंह, सुरेश गुप्ता, विनोद मोदनवाल, आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय