फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव की 9वीं पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव आंधीपुर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत रामनरेश की अनुज वधू सावित्री देवी के उनके चित्र पर दीप जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर किया। उसके बाद काफी संख्या में ग्रामीणों एवं उनके शुभचिंतकों ने पुष्प अर्पित कर नमन किया। हिंडाल्को के पूर्व विश्लेषक एवं स्व. यादव के छोटे भाई डॉ. सुरेश यादव ने कहा कि रामनरेश ने जनता की मूलभूत जरूरतों को समझकर विकास का कार्य किया। उनके मुख्यमंत्रित्व काल में जब सूखा पड़ा, तो ग्रामीणों को बिजली देने के लिए पूंजीपतियों की भी लाइट काटने में कोई संकोच नहीं किया था। हिंडाल्को जैसे बड़े संस्थान की भी लाइट काटी गई थी। फूलपुर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं के लिए इंटर कालेज और डिग्री कालेज की स्थापना कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सड़कांे का जाल, पुलों का निर्माण बड़े पैमाने पर कराया। काम के बदले अनाज योजना सहित तमाम योजनाओं का संचालन उन्हीं के मुख्यमंत्री रहने के दौरान हुआ था। डॉ. एसएस यादव, भोनू, बृजेश यादव, बाबूराम, रामप्रताप राजभर, विशाल यादव, बांकेलाल यादव, चंद्रभान यादव आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में जनता इंटर कालेज अंबारी में भी पुण्यतिथि समारोह का आयोजन प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य द्वारा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्रों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय